जौनपुर: गबन छिपाने को रची लूट की झूठी कहानी, दो आरोपी गिरफ्तार
👉 
जौनपुर। कोतवाली पुलिस ने पैसा गबन करने के उद्देश्य से लूट की झूठी सूचना देने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से गबन की गई ₹68,840 की रकम भी बरामद कर ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन व क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अनीता सिंह के नेतृत्व में 18 जुलाई 2026 को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 17 जुलाई की शाम डायल-112 पर सूचना मिली थी कि कोतवाली क्षेत्र के भंडारी अंडरपास के पास एक कलेक्शन एजेंट से करीब एक लाख रुपये की लूट हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान घटनास्थल पर भारी ट्रैफिक और दिन के उजाले को देखते हुए घटना संदिग्ध लगी।
गहन जांच और सख्ती से पूछताछ में कलेक्शन एजेंट ने स्वीकार किया कि उसने ₹68,840 के गबन को छिपाने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाई थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पूरी रकम बरामद कर ली।
मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 166/2026 धारा 316(3) व 317(2) बीएनएस के तहत विकास यादव व उसके साथी अलकेश यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।
बरामदगी: ₹68,840 नकद
गिरफ्तार अभियुक्त:
विकास यादव पुत्र लालजीत यादव, निवासी नाथूपुर, जफराबाद
अलकेश यादव पुत्र प्रेमनाथ यादव, निवासी नाथूपुर, जफराबाद
कार्रवाई में उपनिरीक्षक जयदीप (चौकी प्रभारी भंडारी), हेड कांस्टेबल समीम अख्तर, हेड कांस्टेबल शिवप्रकाश व कांस्टेबल अरुण यादव शामिल रहे।