जौनपुर: महिला सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, गांव में दी हेल्पलाइन की जानकारी
👉 
जौनपुर। थाना जफराबाद क्षेत्र के मोथहा गांव में शनिवार को पुलिस विभाग द्वारा ‘बहु-बेटी कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की जिम्मेदारी महिला उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमारी एवं उनकी टीम को सौंपी गई थी। इस दौरान महिला एसआई ने महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस व प्रशासन की हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवाएं 102 व 108, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विधवा पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र महिलाओं को लाभ उठाने के तरीके भी बताए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान धनरावती देवी एवं राजेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। करीब 60 महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारियां प्राप्त कीं।
इस मौके पर महिला पुलिस टीम की सीमा गुप्ता, कीर्ति खरवार एवं अंजू कुमारी ने भी महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की।