लखनऊ मेट्रो में NCMC सेवा शुरू, ‘वन नेशन, वन कार्ड’ की दिशा में बड़ा कदम

लखनऊ। लखनऊ मेट्रो में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा की शुरुआत कर दी गई है। ‘वन नेशन, वन कार्ड’ पहल के तहत अब यात्री एक ही कार्ड के माध्यम से देशभर की विभिन्न मेट्रो सेवाओं में सफर कर सकेंगे।
मेट्रो प्रशासन के अनुसार, लखनऊ मेट्रो के सभी स्टेशनों पर NCMC कार्ड उपलब्ध करा दिए गए हैं। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को अलग-अलग शहरों में अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिससे समय और ऊर्जा दोनों की बचत होगी।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल लखनऊ मेट्रो में गो स्मार्ट कार्ड और NCMC दोनों ही मान्य रहेंगे। साथ ही यात्रियों से अपील की गई है कि वे अपने पुराने गो स्मार्ट कार्ड में मौजूद शेष राशि का उपयोग कर लें।
मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि इस पहल से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा मिलेगा।