खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 6 लाख पशुओं को लगेगा मुफ्त टीका


जौनपुर। जनपद में पशुधन को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से बचाने के लिए 45 दिवसीय निःशुल्क टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का बुधवार को शुभारंभ किया गया। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। यह अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार पशुओं को किसानों और पशुपालकों की अमूल्य संपत्ति मानती है। इस चरण में जनपद में लगभग 6 लाख पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे पशुधन को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से बचाया जा सके।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक विषाणुजनित रोग है, जिसमें पशुओं को बुखार, मुंह और खुर में छाले, दूध उत्पादन में कमी तथा लंगड़ापन जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं।
प्रभारी मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार के अनुसार, अभियान के लिए जनपद को 5,70,550 डोज वैक्सीन उपलब्ध कराई गई हैं। 43 टीकाकरण टीमें 21 विकास खंडों की 1,740 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर करीब 2 लाख पशुपालकों के पशुओं का टीकाकरण करेंगी। साथ ही, सभी पशु चिकित्सालयों पर वैक्सीन की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए कोल्ड-चेन की समुचित व्यवस्था की गई है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights