सड़क हादसे कम करने की तैयारी, डीएम ने बनाई नई कार्ययोजना


जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में हो रही सड़क दुर्घटनाओं की गहन समीक्षा करते हुए दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को ठोस और समयबद्ध कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चाँदपुर अंडरपास से सिटी स्टेशन तक स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि अंधेरे वाले क्षेत्रों में रोशनी की व्यवस्था सड़क हादसों को रोकने में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने विद्यालयों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित करने पर भी जोर दिया, ताकि छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देकर उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाया जा सके।
बैठक में हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पहले जागरूकता अभियान चलाने और इसके बाद सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्कूल वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच, सड़क निर्माण कार्यों के दौरान मानकों के अनुरूप स्पीड ब्रेकर बनाने तथा यातायात संकेतों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी विशेष बल दिया गया।
जिलाधिकारी ने सड़क किनारे तथा विद्युत पोलों पर रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे रात्रि के समय दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights