जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर डीएम सख्त


जौनपुर, 23 जुलाई 2026। जिलाधिकारी ने गुरुवार को जिला महिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जन आरोग्य केंद्र, टीकाकरण व्यवस्था, ऑक्सीजन प्लांट और जन सुविधा केंद्र सहित अस्पताल की समग्र व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा कमियों पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जन आरोग्य केंद्र में रजिस्टर एवं अभिलेखों की जांच की गई, जहां कार्यालय व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। परिसर में विभिन्न स्थानों पर गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर में स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने प्रगति और अभिलेखों की जानकारी ली तथा नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं ऑक्सीजन प्लांट के निरीक्षण में खामियां मिलने पर उसे तत्काल कार्यशील कराने और आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने वार्ड में भर्ती मरीजों से संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान फायर अलार्म प्रणाली, मरीज पंजीकरण व्यवस्था और अभिलेखों के रख-रखाव को भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। अस्पताल के शौचालयों की खराब स्थिति और समग्र स्वच्छता व्यवस्था पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा सफाई कार्य देख रही संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में गंदगी, अव्यवस्था और लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि निरीक्षण में पाई गई सभी कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए।