मस्जिद में नमाज की परंपरा को लेकर विवाद, पांच पर मुकदमा दर्ज


संभल। जनपद संभल के ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के मांडली समसपुर गांव में मस्जिद में नमाज अदा करने की परंपरा को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मस्जिद के मुतवल्ली समेत पांच नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में मस्जिद में नमाज पढ़ने की पद्धति को लेकर मतभेद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा नई परंपराएं शुरू की जा रही थीं, जिनका विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों को नमाज पढ़ने से रोका गया। साथ ही विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकी देने और गांव छोड़ने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि तुर्क और धुना बिरादरी के लोगों के बीच धार्मिक रीति-रिवाजों को लेकर मतभेद है। धुना पक्ष का आरोप है कि मस्जिद में छह वक्त की नमाज अदा कराने जैसी नई परंपरा शुरू की गई, जबकि सामान्य तौर पर पांच वक्त की नमाज का प्रावधान माना जाता है। इसके अलावा भी कुछ धार्मिक नियमों के विपरीत कार्य किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की गई थी, जिसके बाद उनके निर्देश पर ऐंचोड़ा कंबोह थाना पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights