जौनपुर: समरसता संपर्क सम्मान समारोह आयोजित, गुरुजनों का हुआ सम्मान

जौनपुर। भाजपा संगठन के निर्देशानुसार नगर उत्तरी मंडल द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे समरसता संपर्क अभियान के तहत सदर विधानसभा क्षेत्र में गुरु पूजन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जोगेश्वर नाथ महादेव मंदिर, आलमगंज तथा माता विंध्यवासिनी मंदिर, ताड़तला परिसर में मंडल अध्यक्ष श्रीमती सारिका सचिन सोनी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश श्रीवास्तव (बच्चा भइया) एडवोकेट ने कहा कि भाजपा ही सभी समाजों एवं धर्मगुरुओं का सम्मान करने वाली पार्टी है। वहीं ब्लॉक प्रमुख करंजकला प्रतिनिधि सुनील यादव ‘ममन’ ने कहा कि संत रविदास के आदर्शों पर चलते हुए मंत्री गिरीश चंद्र यादव सभी वर्गों का सम्मान करते हैं।
जिला उपाध्यक्ष एवं नगर प्रभारी परविंद चौहान ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि उत्तरी मंडल जिले के अग्रणी संगठनों में शामिल है। भाजपा जिला मंत्री सुधांशु सिंह ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकार बिना भेदभाव जनहित में कार्य कर रही है। ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने संगठन के प्रति समर्पण की आवश्यकता बताई।
मंडल अध्यक्ष श्रीमती सारिका सचिन सोनी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तरी मंडल सभी वर्गों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में ‘मन की बात’ कार्यक्रम आरएल चिल्ड्रेन हाई स्कूल, ताड़तला में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में गुरुजनों का अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इस दौरान पंडित शशिधर मिश्रा, पंडित ईसान चतुर्वेदी, पंडित धीरेन्द्र शास्त्री, पंडित अवधेश मिश्रा, पंडित गणेश मिश्रा, पंडित विनोद मिश्रा, पंडित रविंद्र नारायण शुक्ला एवं पंडित राकेश शुक्ला सहित अन्य विद्वानों ने मंत्रोच्चार कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर नगर महामंत्री कृष्णकांत साहू, नगर उपाध्यक्ष राघवेंद्र दुबे, शुभम कन्नौजिया, नगर मंत्री विकास अग्रहरि, मुकेश सोनी, मीडिया प्रभारी सनी चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी सत्यम सोनी सहित कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।