अंबेडकर प्रतिमा हटाने पर बवाल, पुलिस पर पथराव, चबूतरे पर चला बुलडोजर


देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के लबकनी गांव में सरकारी जमीन पर बिना अनुमति स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हटाने को लेकर गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। कार्रवाई के विरोध में ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासनिक टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।
स्थिति बिगड़ने पर भारी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया। प्रशासन के अनुसार, मंगलवार रात सरकारी भूमि पर बिना अनुमति प्रतिमा स्थापित की गई थी। बुधवार को राजस्व एवं पुलिस टीम प्रतिमा हटाने पहुंची, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते कार्रवाई रोकनी पड़ी।
गुरुवार को जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम दोबारा गांव पहुंची। प्रतिमा हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी को तैनात किया गया।
इसके बाद प्रशासन ने प्रतिमा को हटाकर थाने भेज दिया और जिस चबूतरे पर उसे स्थापित किया गया था, उसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण या प्रतिमा स्थापना नियमों के विरुद्ध है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights