SCO समिट 2027: पाकिस्तान करेगा भारत को आमंत्रित, पीएम मोदी की भागीदारी पर सस्पेंस

नई दिल्ली/इस्लामाबाद। वर्ष 2027 में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में प्रस्तावित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बात को लेकर सस्पेंस बना हुआ है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सम्मेलन में शामिल होंगे या नहीं।
पाकिस्तान की ओर से संकेत दिए गए हैं कि वह SCO के सभी सदस्य देशों को औपचारिक रूप से आमंत्रित करेगा। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा कि संगठन के प्रोटोकॉल के तहत मेजबान देश के लिए सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों को आमंत्रित करना अनिवार्य है। ऐसे में भारत को भी निमंत्रण भेजा जाएगा।
वहीं, भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर और पाकिस्तान के विदेश मंत्री के बीच मनीला में ASEAN बैठकों के दौरान संभावित मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर पाकिस्तानी प्रवक्ता ने कहा कि उन्हें भारत की ओर से ऐसी किसी बैठक की कोई जानकारी नहीं है।
उल्लेखनीय है कि शंघाई सहयोग संगठन (SCO) एक प्रमुख बहुपक्षीय मंच है, जिसकी स्थापना 15 जून 2001 को बीजिंग में हुई थी। इसका उद्देश्य क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना है। इस संगठन में चीन, रूस, भारत, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, तजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, ईरान और बेलारूस जैसे देश शामिल हैं।
SCO का शिखर सम्मेलन हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें सदस्य देशों के शीर्ष नेता भाग लेते हैं और विभिन्न वैश्विक व क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होती है।