एक जनपद-एक व्यंजन योजना से जौनपुर को मिलेगा नई पहचान, इमरती, एटमबम मिठाई और मूली को बढ़ावा

जौनपुर, 7 अगस्त। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद-एक व्यंजन (ODOP Dish)’ योजना के तहत जौनपुर के पारंपरिक व्यंजनों—इमरती, एटमबम मिठाई और जौनपुर की प्रसिद्ध मूली—को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की पहल तेज हो गई है। इस योजना के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक और बेहतर विपणन से जोड़ा जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष सहाय पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत व्यंजन उत्पादन में वृद्धि, आधुनिक पैकेजिंग, फूड टेस्टिंग, शेल्फ लाइफ बढ़ाने, डीप फ्रीजर, कोल्ड चेन और क्लाउड किचन जैसी सुविधाओं की स्थापना के लिए ऋण और मार्जिन मनी अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। परियोजना लागत के अनुसार अधिकतम 50 लाख रुपये तक की मार्जिन मनी सहायता दी जाएगी।
योजना में सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को कुल परियोजना लागत का 10 प्रतिशत स्वयं का अंशदान करना होगा, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिला एवं दिव्यांग लाभार्थियों के लिए यह अंशदान मात्र 5 प्रतिशत निर्धारित किया गया है।
इच्छुक उद्यमी, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक है, वे एमएसएमई विभाग की आधिकारिक वेबसाइट msme.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए जिला उद्योग कार्यालय में कार्यदिवस के दौरान संपर्क किया जा सकता है।