पूर्वांचल को बड़ा झटका, बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन
मायावती ने जताया शोक, बेटे को राजनीति में आगे बढ़ाने का दिया संकेत
रसड़ा (बलिया), उत्तर प्रदेश।
पूर्वांचल की राजनीति को गुरुवार को बड़ा झटका लगा, जब रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से कई बार के बसपा विधायक स्वर्गीय उमाशंकर सिंह का निधन हो गया। उनके निधन से बसपा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
बसपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती ने लखनऊ से जारी शोक संदेश में गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उमाशंकर सिंह का जाना पार्टी और पूर्वांचल दोनों के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी के सबसे वफादार और समर्पित नेताओं में से एक थे, जिन्होंने जीवनभर ईमानदारी और निष्ठा के साथ कार्य किया। बड़े व्यवसायी होने के बावजूद उन्होंने कभी सत्ता के लिए पार्टी नहीं बदली, जो आज के समय में दुर्लभ है।
मायावती ने कहा कि रसड़ा की जनता ने जब-जब उन पर भरोसा जताया, उन्होंने उस विश्वास को कायम रखा। बाढ़ राहत, सड़क निर्माण, शिक्षा और गरीबों की सहायता जैसे मुद्दों पर वे हमेशा सक्रिय रहे, जिसके कारण क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ बनी रही।
उन्होंने अपने निजी संबंधों का उल्लेख करते हुए बताया कि उमाशंकर सिंह उन्हें अपनी सगी बहन मानते थे और हर रक्षाबंधन पर लखनऊ आकर राखी बंधवाते थे।