केमिकल-फ्री देखभाल का कमाल: उत्तराखंड की रेणु धरियाल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
उत्तराखंड के हल्द्वानी की रहने वाली रेणु धरियाल ने अपने लंबे, काले और घने बालों के दम पर विश्व स्तर पर पहचान बना ली है। उनके बालों की लंबाई 271.50 सेंटीमीटर (करीब 8 फीट 10 इंच) मापी गई है, जिसके साथ ही उन्होंने ‘सबसे लंबे बालों वाली जीवित महिला’ का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस उपलब्धि के साथ उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है।
रेणु धरियाल ने वर्ष 2015 के बाद से अपने बाल नहीं कटवाए हैं। वह एक यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भी हैं, जो प्राकृतिक और घरेलू तरीकों से बालों की देखभाल को बढ़ावा देती हैं। खास बात यह है कि वह बाजार में मिलने वाले केमिकल युक्त उत्पादों से पूरी तरह दूरी बनाकर रखती हैं।
अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से रेणु महिलाओं के साथ केमिकल-फ्री हेयर ऑयल और शैम्पू बनाने के आसान घरेलू तरीके साझा करती हैं। उनकी इस पहल से बड़ी संख्या में महिलाएं प्रेरित हो रही हैं और प्राकृतिक तरीकों को अपनाने के लिए आगे आ रही हैं।
रेणु की यह उपलब्धि न सिर्फ उत्तराखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बन गई है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्राकृतिक देखभाल और निरंतर प्रयास से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।