हर घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट, 9 से 17 अगस्त तक होंगे देशभक्ति कार्यक्रम

जौनपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में 9 से 17 अगस्त तक होने वाले विभिन्न देशभक्ति और जनभागीदारी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम समयबद्ध, सुव्यवस्थित और बेहतर समन्वय के साथ संपन्न कराए जाएं।
डीएम ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, एनसीसी-एनएसएस, माई भारत वालेंटियर्स, स्वयंसेवी संगठनों और जनप्रतिनिधियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में होंगी तिरंगा आधारित गतिविधियां
9 से 15 अगस्त तक स्कूलों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में तिरंगा-थीम पर आधारित कला और सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रण और ‘वंदे मातरम्’ से जुड़े कार्यक्रमों की फोटो निर्धारित पोर्टल पर अपलोड की जाएगी।
सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा थीम सज्जा
10 से 15 अगस्त तक सरकारी भवनों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख चौराहों पर तिरंगा थीम आधारित प्रकाश सज्जा की जाएगी। 11 से 15 अगस्त के बीच प्रमुख स्थलों और शिक्षण संस्थानों में तिरंगा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसमें स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
14 अगस्त को तिरंगा यात्रा और कॉन्सर्ट
14 अगस्त को सुबह 8:30 बजे भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विद्यार्थी, युवा, पुलिसकर्मी, अधिकारी-कर्मचारी, महिला समूह और विभिन्न संगठनों की भागीदारी होगी। यात्रा के दौरान सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन होगा। इसी दिन तिरंगा कॉन्सर्ट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा, साथ ही स्कूली और पुलिस बैंड देशभक्ति धुनें प्रस्तुत करेंगे।
विभाजन विभीषिका स्मृति कार्यक्रम
14 अगस्त को भारत विभाजन से जुड़ी घटनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी, जिससे लोग इतिहास की उस त्रासदी से रूबरू हो सकें।
15 अगस्त को हर घर तिरंगा फहराने की अपील
स्वतंत्रता दिवस पर जिले के हर घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की गई है। डीएम ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और नियमों का पालन हर स्थिति में सुनिश्चित किया जाए।
तिरंगा सेल्फी और वीडियो अभियान
9 से 17 अगस्त तक ‘तिरंगा सेल्फी’ अभियान चलाया जाएगा, जिसमें नागरिक तिरंगे के साथ फोटो और ‘वंदे मातरम्’ के वीडियो अपलोड कर सकेंगे। सभी गतिविधियों की फोटो-वीडियोग्राफी कर सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं।
तिरंगा यात्रा के दौरान पेयजल, जलपान, साउंड, बैंड और झंडों की समुचित व्यवस्था के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। डीएम ने सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम की अपील
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे पूरे उत्साह के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करें।