हर घर तिरंगा अभियान की तैयारी तेज, चार लाख से अधिक तिरंगे तैयार


जौनपुर। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ को सफल बनाने के लिए जिले में तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं बड़े स्तर पर तिरंगा झंडों की सिलाई में जुटी हैं। निर्धारित पांच लाख तिरंगों के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक चार लाख से अधिक झंडे तैयार किए जा चुके हैं।
अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को तिरंगा सिलाई का दायित्व सौंपा गया है। इसी क्रम में उपायुक्त (स्वतः रोजगार), जिला पंचायत राज अधिकारी एवं जिला मिशन प्रबंधक ने धर्मापुर, मुफ्तीगंज और केराकत विकासखंडों में संचालित तिरंगा सिलाई केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
धर्मापुर विकासखंड में वैष्णवी महिला स्वयं सहायता समूह, दशरथपुर तथा उत्कर्ष महिला स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तिरंगे तैयार करती नजर आईं। वहीं मुफ्तीगंज में यमुना आजीविका स्वयं सहायता समूह, निशान और पयहारी बाबा महिला स्वयं सहायता समूह, कुंडी की महिलाएं भी पूरे उत्साह के साथ सिलाई कार्य में जुटी रहीं।
300 स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी
जिले के विभिन्न विकासखंडों में करीब 300 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तिरंगा निर्माण में योगदान दे रही हैं। इस अभियान के माध्यम से एक ओर जहां देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं अतिरिक्त आय का अवसर भी प्राप्त हो रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि तिरंगों की सिलाई का कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अन्य विभाग अपनी आवश्यकतानुसार आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से तिरंगा निर्माण कराकर अभियान को और गति प्रदान कर सकते हैं।
प्रशासन का मानना है कि इस पहल से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को व्यापक जनभागीदारी मिलेगी और साथ ही महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights