सर्पदंश से महिला व युवक की मौत, तीन मासूम बच्चियों के सिर से उठा मां का साया


जौनपुर। जिले में सर्पदंश की दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद संबंधित परिवारों में कोहराम मच गया है।
दूध पिलाते समय महिला को डसा सर्प
मड़ियाहूं क्षेत्र के बरसठी थाना अंतर्गत जगदीशपुर गांव निवासी पंकज गौतम की पत्नी रीना गौतम शुक्रवार दोपहर अपनी दो माह की बच्ची को दूध पिला रही थीं। इसी दौरान अचानक सर्प ने उनके पैर में डस लिया। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ियाहूं ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही रीना की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद घर में मौजूद सर्प को पकड़ने के लिए सर्प मित्र को बुलाया गया, जिसने काफी प्रयास के बाद सर्प को रेस्क्यू किया।
रीना की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके पीछे चार वर्ष की रिया, दो वर्ष की प्रिया और दो माह की मासूम बच्ची रह गई है। तीनों बच्चियों के सिर से मां का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतका के पति पंकज गौतम स्थानीय बाजार में मोबाइल की दुकान चलाते हैं।
सूचना पर पहुंची बरसठी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोते समय युवक को डसा सर्प, मौके पर मौत
दूसरी घटना मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बसढुवा गांव की है, जहां शुक्रवार रात बिस्तर पर सो रहे 32 वर्षीय कल्पनाथ बिंद को सर्प ने डस लिया। कुछ देर बाद नींद खुलने पर उन्होंने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों घटनाओं के बाद संबंधित परिवारों में मातम पसरा हुआ है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights