योगी का अखिलेश पर तंज—“कभी पिछड़ा, कभी पंडित, एक दिन P से पाकिस्तान कर देंगे”

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के ‘PDA’ को लेकर तीखा हमला बोला। शुक्रवार को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण कल्याण सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित ‘हिंदू गौरव दिवस’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के लोग पीडीए की परिभाषा लगातार बदलते रहते हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, “गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी के लोग पीडीए को कैसे परिभाषित करते हैं। कभी इनका पी पिछड़ा था, फिर पंडित हो गया। देखना, एक दिन ये लोग पी से पाकिस्तान कर देंगे।” उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बयानों पर भरोसा नहीं किया जा सकता और वे कब क्या बोलेंगे, इसका कोई भरोसा नहीं है।
योगी ने सपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये ऐसे गिद्ध हैं कि जिस पेड़ पर चढ़ेंगे, उसी को सुखा डालेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने में सपा नेतृत्व ने शिष्टाचार तक नहीं निभाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती सामान्य शिष्टाचार और संस्कार के तहत कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचीं, लेकिन सपा मुखिया ने प्रत्यक्ष रूप से श्रद्धांजलि देना तो दूर, शब्दों से भी कुछ व्यक्त नहीं किया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के चित्र पर पुष्पार्चन कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह का जीवन सनातन मूल्यों और हिंदू गौरव के लिए समर्पित रहा।