बर्फी के घोल में मरी मक्खी, मिठाइयों पर गोबर के छींटे; मशहूर दुकान के कारखाने में मिली भारी गंदगी


लखनऊ। काकोरी क्षेत्र के हरदोईया लालनगर स्थित एक मशहूर मिठाई की दुकान के कारखाने में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम के निरीक्षण में बेहद खराब और अस्वच्छ परिस्थितियां सामने आईं। जांच के दौरान अधनिर्मित खाद्य पदार्थ के घोल पर गोबर के छींटे, गंदे ड्रम और मिठाइयों पर बड़ी संख्या में मरी हुई मक्खियां मिलीं।
बताया गया कि कारखाने के आसपास करीब 40 से 50 भैंसें मौजूद थीं और पूरे परिसर में भारी गंदगी फैली हुई थी। मौके पर इतनी दुर्गंध थी कि वहां खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। बर्फी के घोल में भी मरी हुई मक्खी मिलने की बात सामने आई है।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने संदिग्ध खाद्य सामग्री को मौके पर ही निष्क्रिय कराया। इसके साथ ही विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामला सामने आने के बाद मिठाई कारोबार में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। जिस दुकान की मिठाइयां लोग बड़े चाव से खरीदकर खाते हैं, उसके उत्पादन स्थल पर इतनी गंभीर लापरवाही पाए जाने से उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights