पीडीए पर सीएम योगी का अखिलेश पर हमला, बोले—“‘पी’ पहले पिछड़ा, फिर पंडित… एक दिन पाकिस्तान भी कर देंगे”

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और उनके ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेता राजनीतिक फायदे के लिए अपनी परिभाषाएं बदलते रहते हैं। सीएम योगी ने कहा कि ये लोग गिरगिट की तरह रंग बदलते हैं और ‘पी’ की परिभाषा पहले पिछड़ा, फिर पंडित से जोड़ते हैं और एक दिन इसे पाकिस्तान से भी जोड़ सकते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाबूजी के प्रति सम्मान व्यक्त करने में सपा मुखिया का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण रहा। योगी ने इसे कल्याण सिंह के साथ-साथ सनातन हिंदू समाज और हिंदू गौरव का अपमान बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कल्याण सिंह का पूरा जीवन हिंदू गौरव के लिए समर्पित रहा और उन्होंने जो कहा, उसे करके दिखाया। वहीं, बसपा प्रमुख मायावती द्वारा कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना दायित्व निभाया।
सीएम योगी ने सपा पर जातीय राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह केवल किसी व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि हर उस हिंदू का अपमान है, जो बाबूजी के योगदान को सम्मान की दृष्टि से देखता है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा सांसद साक्षी महाराज के बयान का समर्थन करते हुए सपा नेताओं पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि इन लोगों के बारे में कोई भरोसा नहीं कि कब क्या बोल दें। योगी ने सपा की राजनीति की तुलना ऐसे गिद्ध से की, जो जिस पेड़ पर बैठता है, उसे सुखा डालता है।
कन्नौज मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाया गया था, लेकिन बाद में उनके नाम को हटा दिया गया। उन्होंने बताया कि मंत्री असीम अरुण द्वारा जानकारी दिए जाने के बाद दोबारा मेडिकल कॉलेज का नाम बाबा साहेब के नाम पर रखा गया।
मुख्यमंत्री के बयान के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर सपा और भाजपा के बीच पीडीए, दलित सम्मान और हिंदुत्व के मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के संकेत हैं।