मेरठ में निलंबित महिला दरोगा अनु कॉलिस का बयान, बोलीं—“मैं फेमिनिस्ट हूं, जो चाहूंगी पहनूंगी”


मेरठ। आपत्तिजनक रील वायरल होने के बाद निलंबित की गईं यूपी पुलिस की महिला दरोगा अनु कॉलिस ने अब यूट्यूब लाइव के जरिए अपनी बात रखी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह अपनी पसंद के कपड़े पहनने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने खुद को फेमिनिस्ट बताते हुए कहा कि उनके कपड़ों से किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
अनु कॉलिस ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से कमरे में बंद हैं और मानसिक रूप से परेशान हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें जान देने जैसे ख्याल आने लगे थे। हालांकि, उन्होंने किसी भी जांच का सामना करने की बात कही है।
महिला दरोगा ने कहा कि उनके छोटे कपड़े पहनने से उनके पिता को कोई परेशानी नहीं है, ऐसे में दूसरे लोगों को उनके पहनावे से क्या दिक्कत है। उन्होंने सवाल किया कि पसंद के कपड़े पहनना आखिर गलत कैसे हो सकता है।
अनु कॉलिस ने यह भी कहा कि उन्होंने पुलिस महकमे की छवि धूमिल नहीं की है। उन्होंने जांच में पूरा सहयोग करने और किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार रहने की बात कही।
बताया जा रहा है कि आपत्तिजनक रील वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने 16 अगस्त को अनु कॉलिस को निलंबित कर दिया था। उन पर पुलिस आचरण नियमावली के उल्लंघन के आरोप में कार्रवाई की गई है। अनु कॉलिस यूपी पुलिस की 2023 बैच की दरोगा हैं और निलंबन से पहले एसएसपी कार्यालय में तैनात थीं।
पूरे मामले की जांच एसपी क्राइम अवनीश कुमार द्वारा की जा रही है। अब अनु कॉलिस के यूट्यूब लाइव में दिए गए बयान के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights