लखनऊ में UGC और आरक्षण रिफॉर्म के विरोध में सवर्ण समाज का प्रदर्शन
लखनऊ। UGC और आरक्षण से जुड़े प्रस्तावित रिफॉर्म के विरोध में सोमवार को राजधानी लखनऊ में सवर्ण समाज जागृति यात्रा निकाली गई। सवर्ण मोर्चा के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में ब्राह्मण, ठाकुर समेत विभिन्न वर्गों के 300 से अधिक लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी वीमेन पावर लाइन चौराहे पर जुटे और करीब आधे घंटे तक जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों के हाथों में ‘संवैधानिक अछूत’ लिखी तख्तियां थीं। उन्होंने UGC से जुड़े प्रस्तावों को वापस लेने की मांग करते हुए ‘काला कानून स्वीकार नहीं’ के नारे लगाए।
प्रदर्शन के दौरान सांसदों और विधायकों की सांकेतिक अर्थी भी निकाली गई। इस दौरान ‘नेता हमारा मुर्दा है’ जैसे नारे लगाए गए। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शनकारी बैकुंठ धाम की ओर बढ़े।
प्रदर्शन के चलते आसपास के कई मार्गों पर यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनी रही। बताया गया कि सवर्ण मोर्चा की ओर से संदीप सिंह के आह्वान पर बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सवर्ण समाज अपने अधिकारों और समानता के मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगा तथा जिन प्रावधानों को वे भेदभावपूर्ण मानते हैं, उन्हें स्वीकार नहीं किया जाएगा।