रक्षाबंधन पर डीएम ने निभाया भाई का फर्ज, गरीब छात्रा की फीस माफ कराकर भेंट की साइकिल
कानपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की अनोखी मिसाल सामने आई है। आर्थिक तंगी से जूझ रही कक्षा 12वीं की मेधावी छात्रा इशु यादव ने कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधी। छात्रा ने डीएम को अपना भाई मानकर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।
छात्रा की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने भी भाई का फर्ज निभाते हुए उसकी 29 हजार रुपये की बकाया फीस में आधी राशि स्वयं जमा कराई, जबकि शेष फीस माफ कराने की व्यवस्था कराई।
इतना ही नहीं, डीएम ने छात्रा को स्कूल आने-जाने में सुविधा के लिए साइकिल भी भेंट की। डीएम की इस पहल से छात्रा और उसके परिवार को आर्थिक मदद के साथ आगे की पढ़ाई जारी रखने का हौसला मिला।
रक्षाबंधन पर हुई यह पहल भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बन गई। एक छोटी-सी राखी ने छात्रा के जीवन में बड़ी उम्मीद जगा दी।