जौनपुर में गूंजी युवाओं की आवाज, Gen Z Connect Yatra ने उठाए रोजगार-शिक्षा के सवाल

जौनपुर। जस्टिस मोर्चा की Gen Z Connect Yatra मंगलवार को अपने 27वें दिन जौनपुर पहुंची। त्रिलोचन और सिरकोनी होते हुए शहर में प्रवेश करने वाली यात्रा के दौरान छात्रों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर रोजगार, शिक्षा, पेपर लीक, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
यात्रा के दौरान टीम ने मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न सरकारी विद्यालयों की स्थिति का जायजा लिया। शहर पहुंचने पर गांधी पार्क में सैकड़ों लोगों ने यात्रियों का स्वागत किया। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने युवाओं की समस्याओं को लेकर निकाली जा रही यात्रा का समर्थन किया।
अंबेडकर पार्क में उठे पेपर लीक के सवाल
गांधी पार्क से आगे बढ़कर यात्रा अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां युवाओं ने पेपर लीक, चंदा चोरी और सरकारी स्कूलों की बदहाली जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। युवाओं ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में होने वाली अनियमितताओं का सबसे अधिक नुकसान मेहनत करने वाले छात्रों को उठाना पड़ता है।
इसके बाद यात्रा कचहरी, सद्भावना पुल, छरछू चौराहा, शाही पुल और तिलकधारी सिंह कॉलेज होते हुए आगे बढ़ी। इस दौरान पर्चे बांटकर और जनसभा के माध्यम से लोगों से संवाद किया गया।
जस्टिस मोर्चा के प्रतिनिधियों ने कहा कि Gen Z Connect Yatra का उद्देश्य युवाओं के बीच पहुंचकर उनकी वास्तविक समस्याओं और आकांक्षाओं को सुनना तथा उन्हें साझा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने रोजगार, बेहतर शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और पेपर लीक के मुद्दों पर युवाओं की आवाज बुलंद करने की बात कही।
यात्रा में विकेश उपाध्याय (INC), हिमांशु तिवारी (BRS), अनुराग राय, संदीप सोनकर (IYC), अमरजीत (प्रगतिशील मानव समाज पार्टी), शिराज समेत अन्य लोग शामिल रहे। प्रियेश, रजत, शान्तनु, अवनीश, नीरज, राजू और विवेक सहित बड़ी संख्या में युवा यात्री मौजूद रहे।
2 अक्टूबर को लखनऊ में होगा समापन
Gen Z Connect Yatra जौनपुर के बाद प्रयागराज, प्रतापगढ़ और रायबरेली होते हुए 2 अक्टूबर को लखनऊ पहुंचेगी, जहां यात्रा के समापन का कार्यक्रम प्रस्तावित है।