अंतरजनपदीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार चोरी के आभूषण और नकदी बरामद, दो मुकदमों का हुआ अनावरण

जौनपुर। सरपतहां थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय चोर गिरोह के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के आभूषण और नकदी बरामद की है। दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सरपतहां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 286/26 और 287/26 से संबंधित चोरी की घटनाओं का अनावरण किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान हरिकेश पुत्र छोटेलाल, निवासी मरगसन कला मेवपुर, थाना करौंदीकला, जनपद सुल्तानपुर और गोविन्दे पुत्र लल्ले, निवासी मेवपुर बरचौली, थाना करौंदीकला, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है।
आभूषण और नकदी बरामद
पुलिस ने बताया कि गोविन्दे के कब्जे से सफेद धातु की तीन जोड़ी पायल, एक पायल और 900 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं हरिकेश के पास से तीन जोड़ी पायल, पांच जोड़ी बिछिया और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक गोविन्दे के खिलाफ सरपतहां थाने में चोरी के दो मुकदमों के अलावा गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्यवीर सिंह, कांस्टेबल पवन कुमार यादव, ओम प्रकाश यादव, रिजर्व कांस्टेबल प्रिंस कुमार दुबे, मणिश्वर कुमार, नितिन कुमार और रितिक पटेल शामिल रहे।