जमुई छात्रा से बदसलूकी मामले में मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार पुलिस के अनुसार भागने की कोशिश के दौरान पैर में लगी गोली, अब तक छह आरोपी गिरफ्तार
जमुई/पटना। बिहार के जमुई जिले में नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी नंदन यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ में उसका एक साथी हरिराम यादव भी घायल बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी के मड़वा पहाड़ी के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने का प्रयास किया। चेतावनी के बावजूद नहीं रुकने पर पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया।
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर सुहिता अनुपम के अनुसार वायरल वीडियो के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान की गई थी। पुलिस के मुताबिक वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान नंदन यादव के रूप में हुई है।
19 सितंबर को हुई थी घटना
बताया गया कि 19 सितंबर की शाम मड़वा पहाड़ी के पास 10वीं कक्षा के छात्र-छात्रा कोचिंग से लौट रहे थे। इसी दौरान कई युवकों ने दोनों को घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार किया और उसके साथी के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो बनाए जाने के बाद उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें तीन वयस्क और तीन नाबालिग बताए गए हैं।
पुलिस ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में रामाशीष चौधरी को भी गिरफ्तार किया है। वहीं, पुलिस के अनुसार करीब 120 सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
बिहार राज्य महिला आयोग ने भी मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए जमुई पुलिस से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।