सुल्तानपुर में शिक्षक संघ अध्यक्ष और पत्नी की निर्मम हत्या, खून से लथपथ मिले शव निजी विद्यालय परिसर में सो रहे थे पति-पत्नी, पास में फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू मिलने से सनसनी; पुलिस ने शुरू की जांच

सुल्तानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुमही डंडिया गांव में सोमवार देर रात शिक्षक संघ के अध्यक्ष और उनकी पत्नी की हत्या से सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिले। वारदात की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में जुट गया।
मृतकों की पहचान मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि मुकेश सिंह वर्ष 2013 से लगातार प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतिगरपुर के अध्यक्ष थे। वर्तमान में वह कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे।
मुकेश सिंह की पत्नी विनीता सिंह निजी इंटर कॉलेज का संचालन करती थीं। वह पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 11 से प्रत्याशी भी रही थीं।
पैतृक आवास स्थित विद्यालय परिसर में सो रहे थे दंपती
बताया जा रहा है कि वारदात के समय पति-पत्नी अपने पैतृक आवास स्थित निजी विद्यालय परिसर में सो रहे थे। मंगलवार सुबह दोनों के शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
घटनास्थल के पास फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू पड़े मिलने की बात सामने आई है। हत्या किन परिस्थितियों में और किस वजह से की गई, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने शुरू की जांच, साक्ष्य जुटाने में लगी टीमें
घटना की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या के कारण और वारदात में शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।
दंपती की हत्या की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना से जुड़े तथ्यों और हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा।