इकोनॉमिक कॉरिडोर पर पौधा चोरी! सफेद वैगनआर से उतरे शख्स ने डिवाइडर से पौधे उठाए, CCTV में कैद हुई घटना कार पर लिखा था ‘पुलिस’, तेज रफ्तार कॉरिडोर पर गाड़ी रोककर पौधे ले जाने का वीडियो वायरल
बागपत। लखनऊ में चर्चित गमला चोरी प्रकरण के बाद अब दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर पौधे ले जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
बताया जा रहा है कि 28 सितंबर की शाम करीब 5:14 बजे दिल्ली की ओर से आ रही सफेद रंग की वैगनआर कार अग्रवाल मंडी टटीरी और बड़ौत के बीच इकोनॉमिक कॉरिडोर पर रुकी। इसके बाद कार से एक व्यक्ति नीचे उतरा और डिवाइडर की रेलिंग के अंदर लगे पौधों को उठाकर कार में रखने लगा। पौधे कार में रखने के बाद वाहन वहां से रवाना हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में कार पर ‘पुलिस’ लिखा हुआ भी नजर आ रहा है। हालांकि, कार और उसमें सवार व्यक्ति की पहचान तथा पौधे ले जाने के पीछे की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना का सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि जिस स्थान पर वाहन रोका गया, वहां तेज रफ्तार यातायात चलता है। ऐसे में हाईवे पर अचानक गाड़ी रोककर उतरना खुद वाहन चालक और अन्य राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
फिलहाल सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में है और लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि आखिर कॉरिडोर पर लगाए गए पौधे किस उद्देश्य से ले जाए गए और वाहन पर ‘पुलिस’ लिखे होने की वास्तविकता क्या है।