सदन से सड़क तक शिक्षक और स्नातक हितों की आवाज बुलंद की : लालबिहारी यादव, आशुतोष सिन्हा शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर सपा ने कसी कमर, कार्यकर्ताओं को दिए दिशा-निर्देश; 5 और 6 अक्टूबर को नामांकन


जौनपुर। समाजवादी पार्टी जौनपुर के जिला कार्यालय पर शनिवार को मासिक बैठक के साथ आगामी शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, चुनावी तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के प्रारंभ में जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने शिक्षक प्रत्याशी एवं विधान परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव तथा स्नातक एमएलसी एवं प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा का बुके भेंट कर एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया। जिला महासचिव आरिफ हबीब ने बैठक के निर्धारित एजेंडे से पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अवगत कराया।

बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षक प्रत्याशी लालबिहारी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्धताएं व्यक्त की हैं। शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और समस्याओं के निराकरण के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज की अपेक्षाएं समाजवादी पार्टी से जुड़ी हैं। उन्होंने बताया कि उनका नामांकन 5 अक्टूबर को प्रस्तावित है और पार्टीजनों से नामांकन में शामिल होने की अपील की।

वहीं, विधान परिषद में सचेतक एवं स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि उन्होंने स्नातकों से जुड़े मुद्दों को सदन से सड़क तक उठाया है। उन्होंने पीडीए समाज के अधिकार, सम्मान और सामाजिक न्याय से जुड़े विषयों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि स्नातक समाज की समस्याओं के समाधान के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि वह 6 अक्टूबर को वाराणसी में आयुक्त के समक्ष नामांकन दाखिल करेंगे और पार्टीजनों से उपस्थित रहने का आह्वान किया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि पार्टी के पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार मेहनत की है। आगामी शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर संगठन पूरी गंभीरता से तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं से संपर्क और संवाद को तेज करते हुए चुनाव के अंतिम दिन तक मजबूती से कार्य किया जाएगा।

7 अक्टूबर को लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत कार्यक्रम

जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने लोकतंत्र बचाओ सप्ताह के तहत प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को जिला मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी चौराहे पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एकत्र होकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर धारा 326 को सार्वजनिक रूप से पढ़े जाने तथा राष्ट्रगान के सामूहिक गायन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में उपस्थित रहने की अपील की।

बैठक को पूर्व मंत्री शैलेंद्र यादव ललई, विधायक डॉ. रागिनी सोनकर, विधायक पंकज पटेल, पूर्व विधायक लालबहादुर यादव, पूर्व विधायक राजनारायण बिंद, पूर्व विधायक मोहम्मद अरशद खान, राजबहादुर यादव, डॉ. अवधनाथ पाल सहित विधानसभा क्षेत्र अध्यक्षों वीरेंद्र यादव, रामजतन यादव, रामू मौर्य, सूर्यभान यादव, प्रवीण सरोज एवं पवन मंडल आदि ने संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

बैठक का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया।

भाजपा छोड़कर आए भोला चौहान ने ग्रहण की सपा की सदस्यता

कार्यक्रम के अंत में अतीश सोनकर को बाबासाहब आंबेडकर वाहिनी समाजवादी पार्टी का जिला महासचिव मनोनीत किया गया। वहीं भारतीय जनता पार्टी छोड़कर आए वीरेंद्र उर्फ भोला चौहान को जिलाध्यक्ष राकेश मौर्य ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई और उनका स्वागत-अभिनंदन किया।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, सभी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं अध्यक्ष, वरिष्ठ नेतागण, कार्यकर्ता तथा ब्लॉक अध्यक्ष बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights