यूपीआई के छिपे शुल्क पर व्यापारियों में नाराजगी, विरोध का ऐलान व्यापारियों की सुरक्षा, बाजार की सफाई और त्योहारों की सुविधाओं पर भी चर्चा; प्रमुख स्थानों पर सेवा स्टॉल लगाने का निर्णय


जौनपुर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की नगर कमेटी की बैठक शनिवार को ओलंदगंज स्थित हिचकी चाट रेस्टोरेंट में नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू ‘जैकी’ की अध्यक्षता में हुई। बैठक में डिजिटल भुगतान, व्यापारियों की सुरक्षा, बाजारों की सफाई, त्योहारों के दौरान सुविधाओं और व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नगर अध्यक्ष जयकृष्ण साहू ‘जैकी’ ने कहा कि यूपीआई ने डिजिटल भुगतान के माध्यम से व्यापार को काफी आसान बनाया है, लेकिन व्यापारियों पर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त अथवा छिपा शुल्क नहीं लगाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित किया जाता है तो उसकी जानकारी व्यापारियों को पहले से स्पष्ट रूप से दी जानी चाहिए। व्यापार मंडल ने ऐसे किसी भी छिपे शुल्क का विरोध करने की बात कही।

जिलाध्यक्ष विवेक ने कहा कि ऑनलाइन कंपनियों और ऑफलाइन व्यापारियों के बीच समान अवसर सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए व्यापारियों के लिए विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने की बात कही। उन्होंने व्यापारी हितों के लिए लगातार प्रयास करने और आवश्यकता पड़ने पर संघर्ष करने का भरोसा दिलाया।

नगर प्रभारी अजीत सोकर एवं महामंत्री दिलीप जायसवाल ने आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजारों में सफाई, कूड़ा प्रबंधन, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर कराने की मांग उठाई। उन्होंने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही कमर्शियल सोलर पैनल पर घरेलू सोलर की तर्ज पर सब्सिडी देने की मांग भी रखी।

नगर उपाध्यक्ष विवेक प्रताप सेठी ने डिजिटल कार्यशाला आयोजित करने का सुझाव दिया। श्याम वर्मा ने प्रत्येक माह ‘व्यापारी संवाद बैठक’ आयोजित किए जाने की बात कही। वहीं प्रदीप सिंह ने व्यापारी सुरक्षा बीमा योजना लागू करने और बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की मांग रखी।

बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार के प्रमुख स्थानों पर संगठन की ओर से पेयजल, शरबत एवं अन्य सुविधाओं के सेवा स्टॉल लगाने का निर्णय लिया गया।

इस अवसर पर संजय जायसवाल, रवि गुप्ता, सोमेंद्र अग्रहरि, डॉ. दिलीप सिंह, नवीन साहू, प्रशांत कुकरेजा, अमनदीप सिंह, अभिषेक गुप्ता समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights