चाइनीज मांझे ने काटी मेडिकल संचालक की गर्दन, सद्भावना पुल पर मचा हड़कंप बाइक से जा रहे मोहम्मद अफजल मांझे की चपेट में आए, गर्दन कटने से हुए लहूलुहान; प्रतिबंध के बावजूद बिक्री पर उठे सवाल

जौनपुर। प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को कोतवाली क्षेत्र स्थित सद्भावना पुल पर बाइक से जा रहे मेडिकल संचालक मोहम्मद अफजल की गर्दन अचानक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गई। मांझे से गर्दन कटते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल अफजल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से उनकी जान बच सकी। घटना के बाद क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे को लेकर एक बार फिर लोगों में दहशत और आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है। आए दिन इसके कारण राहगीरों, बाइक सवारों और पक्षियों के घायल होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसके बावजूद इसकी बिक्री करने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई न होने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।