तलाक और आर्थिक दबाव के बीच सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने उठाया खौफनाक कदम पिता को आखिरी मैसेज में लिखा—‘पापा, अब आपको किसी के पैसे नहीं देने पड़ेंगे’

नोएडा। गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत संभव जैन की मौत ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद, तलाक और भारी आर्थिक दबाव के चलते वह मानसिक तनाव में थे। नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग में उनकी मौत की सूचना से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार संभव जैन की वर्ष 2023 में शादी हुई थी। दंपती को एक बेटा हुआ, जो समय से पहले पैदा हुआ था और उसके इलाज में काफी धन खर्च हुआ। बाद में वर्ष 2025 में दोनों के बीच तलाक हो गया। बताया जा रहा है कि तलाक के समझौते के तहत संभव को पत्नी को करीब तीन करोड़ रुपये देने थे। इनमें से एक करोड़ रुपये वह पहले ही दे चुके थे, जबकि दूसरी किश्त के भुगतान का समय नजदीक था।

बताया जा रहा है कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण संभव काफी तनाव में थे। इसी दौरान उन्होंने गुरुग्राम से नोएडा के लिए Airbnb के जरिए ठहरने की व्यवस्था की। वह सुपरनोवा बिल्डिंग में ठहरे थे। चेक-आउट से कुछ समय पहले उनकी मौत हो गई।

सबसे भावुक करने वाली बात यह सामने आई कि मौत से पहले संभव ने अपने पिता को WhatsApp पर संदेश भेजा। संदेश में उन्होंने लिखा—‘पापा, अब आपको किसी के पैसे नहीं देने पड़ेंगे।’

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में परिवार और अन्य संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights