गंदगी से कराह रहा जौनपुर, बजबजाती नालियां दे रहीं बीमारियों को न्योता पुराना मछरहट्टा, चहरसू चौराहा और ओलंदगंज समेत कई इलाकों में सफाई व्यवस्था बदहाल, नगर पालिका के दावों की खुली पोल

जौनपुर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन की ओर से किए जा रहे दावों की जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आ रही है। शहर के ओलंदगंज, पुराना मछरहट्टा और चहरसू चौराहा सहित कई प्रमुख इलाकों में फैली गंदगी, बजबजाती नालियां और जगह-जगह जमा कूड़े के ढेर स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। नालियों से उठती तेज दुर्गंध के चलते स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

शहर के व्यस्त इलाकों में सफाई व्यवस्था की बदहाली का आलम यह है कि कई स्थानों पर नालियों में कचरा जमा होने से गंदा पानी बहने के बजाय सड़कों के आसपास ही ठहर रहा है। इससे वातावरण दूषित हो रहा है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका बनी हुई है। गंदगी के कारण संक्रामक एवं संचारी रोगों का खतरा भी बढ़ सकता है। इसके बावजूद संबंधित इलाकों में नियमित सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

विडंबना यह है कि एक तरफ स्वच्छता अभियान के माध्यम से शहर को साफ-सुथरा रखने के संदेश दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख बाजारों और चौराहों पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियों से उठती दुर्गंध के बीच दुकानदारों और सरकारी कर्मचारियों को अपने कामकाज करने पड़ रहे हैं। राहगीरों को भी इन रास्तों से गुजरते समय परेशानी झेलनी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पालिका प्रशासन की ओर से सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन कई इलाकों में नियमित सफाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। नालियों की समय से सफाई न होने और कूड़े का नियमित उठान नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी के अभाव में सफाई व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो पा रही है।

सवालों के घेरे में नगर पालिका की सफाई व्यवस्था

शहरवासियों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर नगर पालिका प्रशासन की सफाई व्यवस्था धरातल पर कब दिखाई देगी? क्या जिम्मेदार अधिकारी इन बदहाल इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति देखेंगे? लोगों ने मांग की है कि पुराना मछरहट्टा, चहरसू चौराहा और ओलंदगंज सहित प्रभावित इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही नालियों की नियमित सफाई, कूड़े का समयबद्ध उठान और मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराया जाए।

अब देखना यह है कि नगर पालिका प्रशासन शहरवासियों की इस समस्या को कितनी गंभीरता से लेता है और सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights