छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने घाटों का किया निरीक्षण श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता, साफ-सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग व यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

जौनपुर। छठ महापर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने की कवायद तेज कर दी है।
इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित विभिन्न छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन और भीड़ नियंत्रण से संबंधित तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि छठ पर्व से पहले सभी घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। घाटों पर पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था हो तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराई जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
वहीं, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, ताकि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिसकर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए तत्पर रहने के निर्देश भी दिए गए।
डीएम और एसपी ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, जिससे व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी अनंत चन्द्रशेखर, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सम्यक चौधरी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।