चोरी के मोबाइल का दिल्ली तक फैला नेटवर्क बेनकाब, सात गिरफ्तार 939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड और 40 बोरी मोबाइल पार्ट्स बरामद; साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका पर जांच तेज

जौनपुर। जिले की बक्शा पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन खरीदकर दिल्ली में खपाने वाले कथित अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 939 मोबाइल फोन, 272 सिम कार्ड और 40 बोरियों में भरे मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स बरामद किए हैं। इसके अलावा 24 हजार रुपये नकद, एक टाटा टियागो कार और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी पुलिस के हाथ लगी है। इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और सिम कार्ड की बरामदगी के बाद पुलिस अब गिरोह के नेटवर्क और उसके संभावित साइबर अपराध कनेक्शन की गहन जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चोरी सहित अन्य संदिग्ध माध्यमों से कम कीमत पर मोबाइल फोन खरीदकर एकत्र करते थे। बड़ी संख्या में मोबाइल इकट्ठा होने के बाद उन्हें बक्शा क्षेत्र में स्थित एक किराये के मकान में रखा जाता था। यहां पुराने और खराब मोबाइल फोन को खोलकर उनके मदरबोर्ड, डिस्प्ले, कैमरा, आईसी और अन्य उपयोगी पार्ट्स अलग किए जाते थे। इसके बाद इन पार्ट्स को असेंबल कर कस्टमाइज्ड मोबाइल फोन तैयार किए जाते थे, जिन्हें कथित तौर पर दिल्ली में अलग-अलग लोगों को बेचा जाता था।
पुलिस का दावा है कि गिरोह का सदस्य हसीम खान उर्फ वसीम दिल्ली में मोबाइल फोन और उनके पार्ट्स की बिक्री का काम संभालता था। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बरामद मोबाइल फोन के संबंध में कोई रसीद अथवा वैध खरीद संबंधी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए। इससे पुलिस को मोबाइल फोन की खरीद और बिक्री के पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका है।
805 की-पैड और 134 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद
पुलिस द्वारा बरामद किए गए 939 मोबाइल फोन में 805 की-पैड और 134 एंड्रॉयड मोबाइल शामिल हैं। इनमें सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी, आईफोन, रियलमी, नोकिया, जियो और लावा सहित कई नामी कंपनियों के फोन हैं। इसके अलावा 272 सिम कार्ड तथा 40 बोरियों में रखे मदरबोर्ड, आईसी, स्क्रीन, चेसिस और अन्य मोबाइल उपकरणों के पार्ट्स बरामद हुए हैं।
साइबर अपराध से जुड़े होने की आशंका, तकनीकी जांच शुरू
बरामद मोबाइल फोन, सिम कार्ड और स्क्रैप पार्ट्स की भारी मात्रा ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इन मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक भेजने अथवा अन्य ऑनलाइन अपराधों में तो नहीं किया गया। मोबाइल फोन के पुराने डेटा, आईएमईआई नंबर और डिजिटल पहचान के संभावित दुरुपयोग की भी तकनीकी जांच कराई जा रही है। हालांकि, फिलहाल साइबर अपराधों में आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है।
सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सातों आरोपियों के विरुद्ध थाना बक्शा में मुकदमा अपराध संख्या 571/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 3(5), 61(2), 317(2) और 317(5) में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों और मोबाइल फोन की खरीद-बिक्री के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मुन्नीलाल कन्नौजिया, अरविंद कुमार, मोहम्मद शहनवाज सिद्दीकी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।