अंबेडकरनगर में पुलिस मुठभेड़ में सुपारी किलर वाहिद ढेर, बिल्लू इंदौरिया गैंग से था जुड़ाव पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाश ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल; इलाज के दौरान अस्पताल में तोड़ा दम, 35 मुकदमों में था आरोपी

अंबेडकरनगर। जिले में बीती रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में कथित सुपारी किलर वाहिद की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, वाहिद बिल्लू इंदौरिया गैंग का सदस्य था और उसके खिलाफ हत्या, लूट तथा डकैती समेत गंभीर अपराधों के कुल 35 मुकदमे दर्ज थे।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात करीब 12 बजे एसओजी टीम शिव बाबा धाम के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध परिस्थितियों में आ रहे वाहिद को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख वाहिद ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली लगने से वाहिद घायल हो गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल बदमाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वाहिद मूल रूप से गाजीपुर जनपद का रहने वाला था।
पुलिस के मुताबिक, मृतक का आपराधिक इतिहास काफी लंबा था। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट और डकैती जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 35 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस अब मुठभेड़ से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।