जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, स्कॉर्पियो ने कई लोगों को रौंदा, दो की मौत; सात घायल गौराबादशाहपुर के चक मुस्तफाबाद में पंचायत के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा, मृतकों में एक महिला और 20 वर्षीय युवक शामिल; घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा उपचार
जौनपुर। जनपद के गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चक मुस्तफाबाद गांव में बुधवार को जमीन विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के दौरान स्कॉर्पियो वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी मनोज यादव और महेंद्र यादव के बीच जमीन को लेकर पिछले तीन दिनों से विवाद चल रहा था। बुधवार को भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो रही थी। विवाद को शांत कराने के लिए गांव के लोग मौके पर जुटे थे। इसी दौरान महेंद्र यादव का पुत्र स्कॉर्पियो लेकर वहां पहुंचा और कथित तौर पर वहां मौजूद लोगों को वाहन से रौंद दिया। वाहन की चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद स्कॉर्पियो बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई।
इस दर्दनाक घटना में चक मुस्तफाबाद निवासी 20 वर्षीय अमित यादव पुत्र श्रवण यादव और 40 वर्षीय इंदू देवी पत्नी मनोज यादव की मौत हो गई। वहीं सात अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने भी घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस विवाद की पृष्ठभूमि, वाहन से लोगों को कुचलने की परिस्थितियों और घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। जमीन संबंधी विवाद के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर आपसी विवादों को समय रहते सुलझाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत को सामने ला दिया है।
वीडियो बाइट: घटना के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने दी विस्तृत जानकारी।