₹1,500 देकर जनता पर अहसान जता रहे विधायक जी! बहनों को अंडा-मुर्गा खाने की सलाह, लेकिन रोजगार और महंगाई पर चुप्पी क्यों?
सरकारी योजना का पैसा जनता का अधिकार, किसी जनप्रतिनिधि की निजी मेहरबानी नहीं; स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी और महंगाई पर जवाब कब मिलेगा?
लाडली बहनों के खातों में ₹1,500 की राशि पहुंचते ही एक विधायक जी जनता के बीच पहुंचकर अपनी उपलब्धियां गिनाने लगे। बहनों से पूछा जा रहा है कि खाते में पैसा मिल रहा है या नहीं? जवाब में बहनें कहती हैं कि हां, पैसा मिल रहा है। इसके बाद विधायक जी की ओर से सलाह दी जाती है कि खूब अंडा खाओ, मुर्गा खाओ और मछली खाओ, कोई दिक्कत नहीं है।
लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता को जनप्रतिनिधियों का एहसान बताकर जनता से सवाल पूछने का अधिकार भी छीन लिया जाएगा?
विधायक जी को समझना होगा कि सरकारी योजनाओं का पैसा जनता के अधिकार और सरकारी व्यवस्था का हिस्सा है। यह किसी विधायक की निजी जेब से दिया गया दान नहीं है। जनता अपने अधिकार के साथ-साथ अपने जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों का हिसाब मांगने का भी पूरा अधिकार रखती है।
अगर जनता के बीच जाकर इतनी ही चिंता दिखाई जा रही है तो कभी सरकारी अस्पतालों की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था का हाल भी पूछ लीजिए। सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता पर भी चर्चा कर लीजिए। रोजगार की तलाश में भटक रहे युवाओं से मिलकर उनकी समस्याएं सुन लीजिए। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर भी जवाब दीजिए।
आखिर जनता को सिर्फ खाते में आने वाली आर्थिक सहायता से ही संतुष्ट क्यों समझ लिया जाता है? उसे बेहतर शिक्षा, अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार, सुरक्षित भविष्य और सम्मानजनक जीवन भी चाहिए।
विधायक जी, सवाल अंडा, मुर्गा और मछली खाने का नहीं, सवाल जनता के अधिकार और उसके भविष्य का है।
जनता की थाली में भोजन के साथ रोजगार, बच्चों के भविष्य के लिए बेहतर शिक्षा, परिवार के लिए सस्ता और अच्छा इलाज तथा युवाओं के हाथों में काम कब पहुंचेगा?
याद रखिए, लोकतंत्र में जनता किसी की एहसानमंद नहीं होती। जनप्रतिनिधि जनता के सेवक होते हैं और जनता उनसे सवाल पूछने का अधिकार रखती है।
KFDNEWS
सच लिखना अगर बागी है तो हां हम बागी हैं, हर खबर पर नजर।