संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट में गूंजा संविधान की प्रस्तावना का संकल्प, अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ

डीएम उमेश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के संवैधानिक मूल्यों के प्रति जताई प्रतिबद्धता
जौनपुर। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया। इस दौरान सभी को संविधान के मूल आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा एवं समर्पण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान में निहित लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा उनके अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा की उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रम में सभी ने देश के नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता सुनिश्चित करने के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने तथा आपसी भाईचारे और बंधुता की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान द्वारा निर्धारित मौलिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने और अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे कलेक्ट्रेट सभागार में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देखा और सुना। संविधान दिवस के इस आयोजन के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।