मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखेंगे विशेष कार्याधिकारी शिव प्रताप शुक्ल


28 और 29 नवंबर को जौनपुर के बूथों का होगा निरीक्षण, बीएलओ की उपस्थिति से लेकर व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का लिया जाएगा जायजा

जौनपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत जनपद में 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने की प्रक्रिया चल रही है।

विशेष अभियान दिवसों के दौरान जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों (बूथों) पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जाएगा। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ से विशेष कार्याधिकारी शिव प्रताप शुक्ल जौनपुर का भ्रमण करेंगे। वह बूथों पर पहुंचकर बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की कार्यप्रणाली और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता का आकलन करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 28 नवंबर शनिवार और 29 नवंबर रविवार को सभी संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेखों और व्यवस्थाओं के साथ मौजूद रहकर अधिकारियों को पूरा सहयोग सुनिश्चित करना होगा।

मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर जोर

विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की वास्तविक प्रगति का जायजा लेना, पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने तथा मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाना है। इसके साथ ही बूथों पर उपलब्ध सुविधाओं और बीएलओ की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जाएगी।

प्रशासन का प्रयास है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के माध्यम से मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके, ताकि आगामी निर्वाचन में पात्र मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights