मनरेगा कार्य में फर्जी हाजिरी से इनकार पर हंगामा, रोजगार सेवकों का प्रदर्शन

जौनपुर। मड़ियाहूं तहसील के रामनगर विकासखंड अंतर्गत बुजुर्गा ग्रामसभा में मनरेगा कार्य के दौरान फर्जी हाजिरी दर्ज करने से इनकार करने पर एक ग्राम रोजगार सेवक को कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।
घटना के विरोध में सैकड़ों रोजगार सेवक रविवार दोपहर मड़ियाहूं कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए प्रधान प्रतिनिधि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की।
क्या है मामला?
ग्राम रोजगार सेवक दलसिंगर यादव के अनुसार, बुजुर्गा ग्रामसभा में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत तालाब खुदाई का कार्य चल रहा है। आरोप है कि पिछले कई दिनों से उन पर फर्जी श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराने का दबाव बनाया जा रहा था।
रविवार को फोन कर कथित तौर पर फर्जी हाजिरी लगाने को कहा गया। जब उन्होंने बिना मौके पर श्रमिकों की मौजूदगी और फोटो सत्यापन के हाजिरी दर्ज करने से इनकार किया, तो उन्हें अश्लील गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई।
दलसिंगर यादव ने बताया कि मनरेगा के स्पष्ट निर्देशों के तहत बिना श्रमिक की मौके पर उपस्थिति और फोटो अपलोड किए हाजिरी दर्ज नहीं की जा सकती। गलत भुगतान पर रोक के नियम भी लागू हैं।
प्रधान प्रतिनिधि पर आरोप
आरोप है कि जब रोजगार सेवक ने नियमों की जानकारी प्रधान प्रतिनिधि शमीम खान को दी, तो वे नाराज हो गए और करीब दो मिनट तक फोन पर गाली-गलौज की। ग्रामसभा बुजुर्गा की प्रधान रिंकी देवी हैं।
संगठन ने दी आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक अध्यक्ष अभय सिंह, संतोष दुबे, सर्वेश यादव, धर्मेंद्र भारती, अरुण कन्नौजिया, सूरज यादव, अजय सिंह, गोलू शर्मा सहित बड़ी संख्या में रोजगार सेवक प्रदर्शन में शामिल रहे। संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
इस संबंध में मड़ियाहूं कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर इरफान अली ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
Kfdnews.com इस प्रकरण से जुड़ी हर अपडेट आप तक पहुंचाता रहेगा।