जौनपुर: 10 साल के कानूनी संघर्ष के बाद 29334 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों को मिला नियुक्ति पत्र

जौनपुर। जनपद में 29334 गणित-विज्ञान शिक्षक भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। करीब दस वर्षों के लंबे कानूनी संघर्ष के बाद आखिरकार उन्हें नियुक्ति पत्र मिल गया है।
सोमवार देर शाम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल द्वारा अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
बताया जा रहा है कि ये सभी अभ्यर्थी वर्ष 2014 में प्रदेश के विभिन्न जिलों में काउंसिलिंग प्रक्रिया में शामिल हुए थे, लेकिन उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिल सका था। इसके बाद अभ्यर्थियों ने न्यायालय का रुख किया।
वर्ष 2016 में मामले की पहली याचिका इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल की गई। वर्ष 2017 में न्यायालय ने अभ्यर्थियों के पक्ष में फैसला सुनाया, लेकिन सरकार द्वारा आदेश का अनुपालन नहीं किए जाने पर 2018 में अवमानना याचिका दायर की गई।
मामला आगे बढ़ते हुए डिवीजन बेंच में पहुंचा, जहां सरकार की याचिका खारिज कर दी गई और सिंगल बेंच का फैसला बरकरार रखा गया। इसके बाद सरकार सुप्रीम कोर्ट गई, जहां से भी अभ्यर्थियों को राहत मिली और नियुक्ति पत्र जारी करने का आदेश दिया गया।
जौनपुर जनपद में कुल 18 अभ्यर्थियों को मूल अभिलेखों के सत्यापन के लिए बुलाया गया था। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंप दिए गए।
गौरतलब है कि वर्ष 2013 में विज्ञापित इस भर्ती में अधिकांश अभ्यर्थियों को वर्ष 2015 में ही नियुक्ति मिल गई थी, लेकिन कुछ अभ्यर्थियों को इसके लिए लंबा कानूनी संघर्ष करना पड़ा।
नियुक्ति पत्र मिलने पर कुंवर विक्रम सिंह, अमित मिश्रा, प्रदीप यादव, भूपेश त्रिपाठी और शैलेश गुप्ता समेत अन्य अभ्यर्थियों ने खुशी जाहिर की।