अयोध्या से बलिया जा रही श्रद्धालुओं की बस पेड़ से टकराई, 40 घायल

मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा के पास मुबारकपुर में रविवार देर रात करीब 12:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से बलिया लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे स्थित पीपल के पेड़ से टकरा गई। हादसे में करीब 40 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बलिया जनपद से 65 श्रद्धालु निजी बस (UP 70 CT 5763) से अयोध्या में आयोजित लक्ष्मी नारायण महायज्ञ में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बस से वापस लौट रहे थे। मुबारकपुर के पास पहुंचते ही चालक को झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल रतनपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें से 27 घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों को परिजनों द्वारा निजी अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।
क्षेत्राधिकारी मधुबन, अंजनी कुमार पांडेय के अनुसार, बस में कुल 65 लोग सवार थे। हादसा चालक को झपकी आने के कारण हुआ। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।