एमएसएमई कॉन्क्लेव में सीए राजेश राज गुप्ता सम्मानित फाइनेंशियल सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान पर मिला “वरिष्ठ उद्यमी सम्मान”


कानपुर/जौनपुर, 29 मार्च। चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय एमएसएमई कॉन्क्लेव के अंतिम दिन भव्य एवं गरिमामयी समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं समाजसेवी सीए राजेश राज गुप्ता को सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र में वित्तीय सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए “वरिष्ठ उद्यमी सम्मान” प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें वित्तीय परामर्श, उद्यमिता विकास एवं समाजसेवा के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, राकेश सचान (कैबिनेट मंत्री, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग) ने उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर मंच पर श्री रोहित आनंद (अपर आयुक्त, उद्योग), प्रो. के. विजेंद्र पांडियन (कुलपति), श्रीमती रेनू सिंह (कुलसचिव एवं अपर आयुक्त प्रशासन), प्रो. डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, प्रो. डॉ. कौशल कुमार तथा श्री राम नवल चौहान (सहायक प्रबंधक, उद्योग, जौनपुर) सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए उद्यमियों, विशेषज्ञों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान उद्यमियों को आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं।
सम्मान प्राप्त करने के बाद सीए राजेश राज गुप्ता ने उत्तर प्रदेश सरकार एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में भी एमएसएमई क्षेत्र के विकास और समाजसेवा के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights