जौनपुर: किराना व्यापार संघ की बैठक में व्यापारियों की समस्याओं पर मंथन कीटनाशक लाइसेंस प्रक्रिया सरल करने और उत्पीड़न रोकने की उठी मांग

जौनपुर। किराना व्यापार संघ, जौनपुर के तत्वावधान में शहर के एक प्रतिष्ठित बैंक्वेट हॉल में व्यापारियों की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष विजय अग्रहरि ने की, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों के हितों की रक्षा, कीटनाशक लाइसेंस से जुड़ी जटिलताओं पर चर्चा तथा प्रशासनिक उत्पीड़न को रोकने के उपाय तलाशना रहा।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने बताया कि कीटनाशक लाइसेंस प्राप्त करने एवं उसके नवीनीकरण की प्रक्रिया काफी जटिल है। प्रशासनिक बाधाओं के कारण खासकर छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर संबंधित विभागों से प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग उठाई गई।
इसके साथ ही अधिकारियों द्वारा कथित उत्पीड़न पर भी चिंता व्यक्त की गई। व्यापारियों ने कहा कि भारत सरकार की कई योजनाएं उनके हित में होने के बावजूद जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू नहीं हो पा रही हैं। जानकारी के अभाव और नियमों की जटिलता के कारण व्यापारी वर्ग भ्रम और परेशानी में है।
संघ के अध्यक्ष विजय कुमार अग्रहरि ने कहा कि हाल के नियमों में बदलाव के चलते व्यापारियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है, जिसे दूर करने के लिए इस प्रकार की बैठकों का आयोजन आवश्यक है।
कोषाध्यक्ष गुलजारी लाल गुप्ता ने व्यापारियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि संगठन की ताकत से ही उत्पीड़न पर रोक लगाई जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में महामंत्री आशीष कुमार गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी के बल पर समस्याओं का समाधान संभव है।
बैठक में जौनपुर नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल सहित कई पदाधिकारी व व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में अपने अधिकारों की रक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट रहने का संकल्प लिया। बैठक का समापन सकारात्मक वातावरण में हुआ।