पत्रकारों से बदसलूकी पर बड़ा एक्शन, पूरी बटालियन सस्पेंड
वेस्ट बैंक: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इजरायल ने अपनी सेना पर कड़ा कदम उठाते हुए पत्रकारों से बदसलूकी के मामले में पूरी रिजर्व बटालियन को सस्पेंड कर दिया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना वेस्ट बैंक में हुई, जहां ऑपरेशन में तैनात इस बटालियन को तत्काल प्रभाव से हटाकर अगले आदेश तक ट्रेनिंग पर भेज दिया गया है।
इजरायली सेना ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि संबंधित बटालियन रिजर्व फोर्स का हिस्सा थी, जिसमें सैकड़ों सैनिक शामिल थे। यह कार्रवाई तब की गई जब CNN के पत्रकारों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार की घटना सामने आई।
रिपोर्ट के मुताबिक, फोटो जर्नलिस्ट सिरिल थियोफिलॉस के साथ सैनिकों ने हाथापाई की, उनका गला दबाया, जमीन पर गिराया और कैमरे को नुकसान पहुंचाया। कुछ पत्रकारों को हिरासत में भी लिया गया था।
इजरायली रक्षा बल (Israel Defense Forces) ने इस घटना को “गंभीर नैतिक और पेशेवर विफलता” बताया है। सेना ने कहा कि इस मामले की जांच सैन्य पुलिस द्वारा की जाएगी।
वहीं, सेना प्रमुख इयॉल जमीर ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि हथियारों का उपयोग केवल मिशन के लिए होता है, बदले की भावना के लिए नहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेना में इस तरह के व्यवहार को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।