लखनऊ: असमय बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान पर सख्त हुए CM योगी, त्वरित राहत के निर्देश

लखनऊ।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में असमय वर्षा, ओलावृष्टि एवं कुछ स्थानों पर हुई अग्नि दुर्घटनाओं से फसलों को हुए नुकसान को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हर प्रभावित किसान और बटाईदार के नुकसान का सटीक, निष्पक्ष और समयबद्ध आकलन किया जाए तथा उन्हें तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि राजस्व, कृषि एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सर्वेक्षण कार्य तेजी से पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेजें, ताकि राहत वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो। साथ ही बीमा कंपनियों के साथ तालमेल बनाकर फसल बीमा दावों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं किसानों से संपर्क कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाएं। इसके अलावा राज्य आपदा राहत कोष से प्रत्येक जिले को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि प्रभावित किसानों और बटाईदारों को पारदर्शी और त्वरित तरीके से सहायता दी जाए।
अग्नि दुर्घटनाओं में जनहानि और पशुहानि से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर राहत राशि उपलब्ध कराने तथा पात्र व्यक्तियों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत शीघ्र लाभ दिलाने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए।