जौनपुर में दर्दनाक हादसा: गैस पाइपलाइन मरम्मत के दौरान मिट्टी धंसी, दो मजदूरों की मौत, एक लापता


जौनपुर। जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र में गैस पाइपलाइन की मरम्मत के दौरान बड़ा हादसा हो गया। देवकली बाजार स्थित चैकिया शिवालय के पास बुधवार देर रात मिट्टी धंसने से दो मजदूरों की दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर के फंसे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंच गई और तत्काल रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया। दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
सीओ अजीत कुमार रजक के अनुसार, मृतकों की पहचान 32 वर्षीय निरंजन कुमार महतो और 20 वर्षीय प्रिंस कुमार निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। दोनों मजदूर गैस पाइपलाइन में हुए लीकेज को ठीक करने के लिए करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में उतरकर वेल्डिंग का कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक ऊपर से मिट्टी भरभराकर गिर पड़ी और दोनों मजदूर मलबे में दब गए। घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। गड्ढा काफी गहरा था, लेकिन सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हो गया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम तीसरे मजदूर की तलाश में लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका था। मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights