बरसठी में दर्दनाक हादसा: थ्रेशर मशीन में खिंचकर श्रमिक की मौत, शव के हुए कई टुकड़े


जौनपुर। बरसठी थाना क्षेत्र के दीनापुर गांव में गुरुवार को गेहूं की मड़ाई के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। थ्रेशर मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का शव कई टुकड़ों में बंट गया, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए।
मृतक की पहचान 35 वर्षीय मुलायम बनवासी पुत्र लालचंद निवासी बनकट बहरैची, जिला भदोही के रूप में हुई है। वह पिछले चार वर्षों से अपने ससुराल भदरांव गांव में पत्नी और एक पुत्र के साथ रह रहा था। परिवार के भरण-पोषण के लिए वह मजदूरी करता था और गांव के ही एक व्यक्ति के ट्रैक्टर-थ्रेशर पर काम करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वह अपने ससुर, साले और अन्य मजदूरों के साथ दीनापुर गांव में गेहूं की मड़ाई कर रहा था। इसी दौरान वह तिरपाल में गेहूं की बालियां भरकर थ्रेशर में डाल रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह मशीन के अंदर खिंचता चला गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन बंद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को मशीन से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-थ्रेशर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी पूजा का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि वह गर्भवती है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights