पथराव कर भैंस उठा ले गए पशु तस्कर, गांवों में दहशत

📍 जौनपुर।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के छुंछा गांव में आधी रात पशु तस्करों का आतंक देखने को मिला, जब पिकअप सवार नकाबपोश बदमाशों ने ईंट-पत्थर चलाकर एक भैंस चोरी कर ली। पूरी घटना पास के पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
बताया जा रहा है कि राम शिरोमणि यादव का परिवार रात में भोजन के बाद सो गया था। इसी दौरान सफेद पिकअप से पहुंचे बदमाशों ने बरामदे में बंधी भैंस को खोलकर वाहन पर लाद लिया। इसके बाद चोर पड़ोसी नंदू चौरसिया के घर पहुंचे और उनकी भैंस भी खोलकर ले जाने लगे।
भैंस को पिकअप पर चढ़ाने के दौरान वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। खींचतान में उसकी पूंछ टूट गई और खून बहने लगा। शोर सुनकर ग्रामीण जाग गए और मौके की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख बदमाशों ने ईंट-पत्थर चलाकर लोगों को डराया और घायल भैंस को छोड़कर एक भैंस लेकर छबीलेपुर की ओर फरार हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पेट्रोल पंप के सीसीटीवी फुटेज में देखा कि बदमाश सफेद पिकअप में भैंस लादकर भाग रहे हैं। पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पीड़ित राम शिरोमणि यादव ने बताया कि उनकी भैंस काफी कीमती थी। उन्होंने यह भी बताया कि एक सप्ताह पहले कुछ लोग खुद को व्यापारी बताकर भैंस खरीदने आए थे, लेकिन मना करने पर लौट गए थे। आशंका जताई जा रही है कि वही लोग इस घटना में शामिल हो सकते हैं।
गौरतलब है कि चार दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले कुकुड़ीपुर गांव में चोरी के दौरान बदमाशों द्वारा फायरिंग की बात सामने आई थी, जबकि देवकली क्षेत्र में भी दो भैंसें चोरी हो चुकी हैं। लगातार हो रही घटनाओं से पशुपालकों में दहशत का माहौल है और पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है।