मारपीट के मामले में पति-पत्नी सहित पांच गिरफ्तार, पुलिस ने किया चालान


📍 जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथुपुर चौराहे के पास हुई मारपीट की घटना में पुलिस ने पति-पत्नी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, बक्सा थाना क्षेत्र के हकारीपुर गांव निवासी पवन चौहान अपनी पत्नी अनुपमा चौहान के साथ नाथुपुर चौराहे के पास किराए के कमरे में रहता है। मंगलवार सुबह किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पवन ने अपनी पत्नी को पीटकर घायल कर दिया।
घटना की जानकारी पड़ोस में रहने वाली किराएदार पूजा (पत्नी मनेंद्र, निवासी गौधा, थाना रायपुर, जनपद अलीगढ़) ने अनुपमा के मायके वालों को दी। सूचना मिलने पर अनुपमा का भाई अभिजीत चौहान (निवासी इशानपुर, थाना सैदपुर, जनपद गाजीपुर) अपने मित्र हिमांशु यादव के साथ मौके पर पहुंचा और पवन से मारपीट करने लगा।
इसी दौरान मौके पर मौजूद प्रद्युम्न चौहान को जब पता चला कि सूचना पूजा ने दी है, तो उसने पूजा और उसके पति मनेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और जमकर मारपीट होने लगी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए पूजा सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल ने बताया कि पवन और अनुपमा के बीच पहले भी अक्सर विवाद होता रहता था। घटना के बाद मायके पक्ष के पहुंचने से मामला बढ़ गया। फिलहाल सभी आरोपियों का चालान कर आगे की कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Verified by MonsterInsights